कटरा, 07 मार्च 2026: माता वैष्णो देवी की यात्रा के दौरान शुक्रवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा बाल-बाल टल गया। सांझीछत से कटरा की ओर आ रहे एक हेलीकॉप्टर से पंछी टकराने के कारण उसका अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग करवाई जिससे सभी श्रद्धालु बच गए।
जानकारी के अनुसार ग्लोबल विट्रा कंपनी का हेलीकॉप्टर (फ्लाइट नंबर 33) शुक्रवार दोपहर करीब 2:15 बजे सांझीछत से श्रद्धालुओं को लेकर कटरा के लिए रवाना हुआ था। कटरा हेलीपैड के नजदीक पहुंचते ही अचानक एक बड़ा पक्षी हेलीकॉप्टर के आगे टकरा गया। टक्कर से हेलीकॉप्टर का फ्रंट विंडशील्ड टूट गया और स्थिति गंभीर हो गई।
पायलट ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए हेलीकॉप्टर को नियंत्रित रखा और सुरक्षित रूप से कटरा हेलीपैड पर उतार दिया। हेलीकॉप्टर में हरियाणा के छह श्रद्धालु और पायलट समेत कुल सात लोग सवार थे। सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे और किसी को कोई चोट नहीं आई।
ये भी देखे: जम्मू कश्मीर: 7 दिन बाद माता वैष्णो देवी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू हुआ