हरियाणा में राशन डिपो की संख्या बढ़कर 13 हजार 408 होगी, 33 प्रतिशत डिपो महिलाओं के संचालन में होंगे

by Manu
हरियाणा राशन डिपो

चंडीगढ़, 06 मार्च 2026: हरियाणा सरकार ने प्रदेश में राशन डिपो की संख्या बढ़ाकर 13 हजार 408 करने का फैसला लिया है। वर्तमान में राज्य में 9 हजार 408 डिपो संचालित हो रहे हैं। नई व्यवस्था में कुल डिपो में से 33 प्रतिशत यानी करीब 4 हजार 425 डिपो महिलाओं के संचालन में होंगे। इससे महिलाओं को उनके आरक्षित कोटे का पूरा लाभ मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार ने राशन वितरण प्रणाली को और पारदर्शी बनाने के साथ-साथ डिपो संचालकों की आय बढ़ाने के लिए नई व्यवस्था की है। अब डिपो संचालक राशन के साथ जैविक खाद के 5-5 किलो के पैकेट भी बेच सकेंगे। यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों में जैविक खेती को बढ़ावा देने और किसानों-पशुपालकों को स्थानीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए उठाया गया है।

जैविक खाद बनाने वाले किसान और पशुपालक अब अपनी उत्पादित खाद गांव के पास ही बेच सकेंगे। उन्हें शहरों तक ले जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही खेती में जैविक खाद का उपयोग करने वाले किसानों को मानक के अनुसार बनी जैविक खाद भी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। इससे रासायनिक उर्वरकों के उपयोग में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा।

सरकार ने डिपो आवंटन और संचालन में स्वयं सहायता समूह (SHG) तथा सीएम पैक्स संचालन समितियों को प्राथमिकता देने का भी फैसला लिया है। डिपो संचालकों को जैविक खाद बेचने की अतिरिक्त जिम्मेदारी देकर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जा रही है।

ये भी देखे: हरियाणा कैबिनेट का बड़ा फैसला, 6 जिलों के 17 गांवों की तहसील में बदली

You may also like