पलवल, 03 मार्च 2026: जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने गोबिंद नगर स्थित बूस्टिंग स्टेशन में सामने आई लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है। 26 फरवरी को अंडरग्राउंड वाटर टैंक में डूबने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। इस घटना पर मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री के निर्देशों के बाद विभाग ने एसडीओ प्रीति और जेई रामबीर सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। साथ ही संबंधित एक्सईएन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच में लापरवाही साबित होने पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और सार्वजनिक स्थलों पर बुनियादी ढांचे की जिम्मेदारी विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस तरह की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश भर के बूस्टिंग स्टेशनों वाटर टैंकों और संबंधित परिसरों का तुरंत निरीक्षण किया जाए। सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और जनता की जान-माल की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित हो सके।
ये भी देखे: पेड़ कटाई विवाद पर अनिल विज का सख्त रुख, XEN समेत 2 अधिकारी निलंबित