रेवाड़ी, 26 फरवरी 2026: होली के त्योहार को देखते हुए मिलावटी और सिंथेटिक खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। बुधवार सुबह विभाग की टीम ने करीब 180 किलो सिंथेटिक और मिलावटी पनीर जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि मेवात क्षेत्र से मिलावटी और सिंथेटिक पनीर किशनगढ़ और खैरथल में 170 रुपये प्रति किलो की दर से बेचने के लिए लाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर बुधवार सुबह करीब 6 बजे किशनगढ़ बास सर्किल पर टीम ने एक सफेद रंग की कार को रोका।
कार की तलाशी में पांच पेटियों से कुल 180 किलो सिंथेटिक पनीर बरामद हुआ। मौके पर ही पनीर की जांच की गई जिसमें यह मिलावटी, सिंथेटिक और बदबूदार पाया गया। टीम ने पनीर का नमूना खाद्य सुरक्षा लैब में जांच के लिए भेज दिया है। शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
ये भी देखे: पलवल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापेमारी, 1500 किलो पनीर के सैंपल भेजे लैब