मोहाली, 07 फ़रवरी 2026: पंजाब के पूर्व मंत्री और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मांग की है कि तुरंत स्थायी डीजीपी की नियुक्ति हो। मौजूदा डीजीपी केवल अपनी कुर्सी बचाने में लगे हुए हैं जबकि राज्य में रोजाना हत्याएं हो रही हैं।
मजीठिया आय से अधिक संपत्ति मामले में 3 फरवरी को कुछ शर्तों के साथ जेल से बाहर आए थे। शनिवार को मोहाली कोर्ट में उनकी पेशी हुई। सुनवाई के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में पंजाब सरकार पर जमकर निशाना साधा। मामले की अगली सुनवाई अब 7 मार्च को होगी।
मजीठिया ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था लगातार ध्वस्त हो रही है। युवाओं से जागरूक होने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों ने बदलाव देख लिया है कि पंजाब में किस तरह का बदलाव आया है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और आप नेता सुशील गुप्ता पर भी कड़ा प्रहार किया।
उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बयानों के आधार पर ही पंजाब के पानी के मुद्दे पर फैसले लिए जा रहे हैं। मजीठिया ने सवाल उठाया कि जब पंजाब में पहले से ही पानी की कमी है तो वाटर कमीशन की टीम को यहां भेजने का क्या औचित्य है। उन्होंने याद दिलाया कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने पहले ही एसवाईएल की जमीन वापस कर दी थी। इसके बावजूद दोबारा टीम भेजना पंजाब के लोगों के साथ धोखा है।
जेल में बिताए समय का जिक्र करते हुए मजीठिया ने आरोप लगाया कि उनकी प्राइवेसी पर भी नजर रखी जा रही थी। उन्होंने कहा कि जेल में रहते हुए भी उन्हें महसूस हुआ कि उनकी हर गतिविधि पर निगरानी थी।
ये भी देखे: बिक्रम मजीठिया की जमानत पर मोहाली कोर्ट ने अपना फैसला 4 अगस्त के लिए रखा सुरक्षित