करनाल, 04 फ़रवरी 2026: हरियाणा के करनाल जिले के फुसगढ़ रोड पर स्थित एक मकान पर मंगलवार देर रात बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की। बदमाशों ने चार से पांच गोलियां चलाईं। इनमें से कुछ गोलियां घर के नीचे चल रहे ब्यूटी पार्लर के शीशों में लगीं जबकि कुछ मकान की दीवारों में धंस गईं। रात के समय घरवाले और पड़ोसी इसे पटाखों की आवाज समझ बैठे लेकिन सुबह जब शीशे टूटे और दीवारों में छेद दिखे तो सबको पता चला कि गोलीबारी हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की सीआईए टीम सहित अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पूरे इलाके का मुआयना किया घटनास्थल से खोल बरामद किए और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है।
जिस मकान पर गोलीबारी हुई उसका मालिक बलकार नामक व्यक्ति करीब तीन साल पहले डंकी रूट से अमेरिका चला गया था। बलकार ने अमेरिका पहुंचने के लिए 40 से 50 लाख रुपये खर्च किए थे। वहां वह ड्राइवर का काम करता है। उसका बड़ा भाई गांव में ही रहता है। घटना के समय घर में बलकार की मां राजपती और पत्नी सीमा मौजूद थीं। मकान के नीचे का हिस्सा ब्यूटी पार्लर के लिए किराए पर दिया हुआ है।
ये भी देखे: करनाल कोर्ट के पास फायरिंग: पेशी पर आए हैप्पी पर हमला, एक अन्य घायल