पानीपत, 02 फ़रवरी 2026: पानीपत शहर के विकास नगर (एनएफएल) इलाके में पूर्व पार्षद प्रत्याशी और कॉलोनाइजर सुरेंद्र कटारिया ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है। यह घटना थाना सेक्टर 29 के अंतर्गत आने वाले विकास नगर में हुई।
पुलिस के अनुसार सुरेंद्र कटारिया ने सुसाइड नोट में चार प्रॉपर्टी डीलर्स पर धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है। नोट में उन्होंने लिखा कि बिजनेस पार्टनरों ने करोड़ों के प्रॉपर्टी विवाद में उन्हें मानसिक प्रताड़ना दी। पिस्तौल दिखाकर धमकाया गया पैसे नहीं लौटाए जा रहे और न ही रजिस्ट्री हो रही है। इससे तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया।
मृतक की पत्नी सोनिया कटारिया ने बताया कि सुरेंद्र लंबे समय से पार्टनरों से परेशान थे। उन्होंने पत्नी को बताया था कि पार्टनर पिस्तौल दिखाकर डराते हैं और न पैसे दे रहे हैं न रजिस्ट्री करवा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुसाइड नोट को जब्त कर लिया गया है।
थाना सेक्टर 29 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: पानीपत के असंध रोड होटल में दो दोस्तों ने जहर खाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी