जींद, 28 जनवरी 2026: हरियाणा के जींद जिले में सफीदों से जींद की ओर जा रहे दो व्यापारियों से बदमाशों ने 11 किलोग्राम चांदी लूट ली। घटना 26 जनवरी की रात करीब 10-11 बजे गांव बुढ़ाखेड़ा के पास पंप के नजदीक हुई। लूटी गई चांदी की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित व्यापारी सन्नी निवासी श्याम नगर कॉलोनी जींद ने सफीदों सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई। सन्नी ने बताया कि वह और उनका पार्टनर संदीप निवासी रामराय भैण दिल्ली की एक कंपनी से चांदी की अंगूठियां लॉकेट और अन्य आभूषण लेकर बाजार में सप्लाई करते हैं। दोनों 26 जनवरी को मोटरसाइकिल पर दो बैगों में माल लेकर असंध मार्केटिंग के लिए निकले थे।
असंध में उन्होंने 10 दुकानों पर माल दिखाया और एक दुकानदार ने सामान भी खरीदा। उसके बाद वे सफीदों पहुंचे जहां उन्होंने 10-12 दुकानों में मार्केटिंग की। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल खराब हो गई जिससे 1-2 घंटे की देरी हुई। रात करीब 10-11 बजे वे बुढ़ाखेड़ा गांव के पास पंप के नजदीक पहुंचे।
तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक आए। उन्होंने इशारा कर मोटरसाइकिल रोकने को कहा। जैसे ही दोनों रुके एक बदमाश ने सन्नी पर हमला किया और उसे गिरा दिया। मोटरसाइकिल गिरते ही बदमाशों ने दोनों बैग छीन लिए। बैगों में 11 किलोग्राम चांदी के लॉकेट अंगूठियां और अन्य आभूषण थे। बदमाशों ने धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
सन्नी ने बताया कि घटना के बाद वे पिल्लूखेड़ा थाने पहुंचे लेकिन वहां से उन्हें दूसरे थाना क्षेत्र का बताकर सफीदों सदर थाने भेज दिया गया। सफीदों सदर थाने में पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
ये भी देखे: रामनगर के लोधेश्वर महादेव मंदिर में चोरी, चांदी के सिक्के उखाड़ ले गया चोर