चंडीगढ़, 27 जनवरी 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कैबिनेट की बैठक बुलाई है। यह बैठक 2 फरवरी को हरियाणा सिविल सचिवालय चंडीगढ़ में होगी। सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में बजट सत्र की तारीख पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।
इसके अलावा कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और फैसले होने की उम्मीद है। राज्य सरकार ने हाल ही में कैबिनेट में लिए गए फैसलों की जानकारी दी थी। 2025 में हुई पहली कैबिनेट बैठक में लाडो लक्ष्मी योजना में बड़ा बदलाव किया गया। अब योजना का लाभ उन महिलाओं को भी मिलेगा जिनके बच्चे 10वीं या 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक लाते हैं।
सीएम नायब सिंह सैनी ने बताया कि उस बैठक में कुल 6 एजेंडे रखे गए थे। सभी प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई। परिवहन विभाग में 2002 में कॉन्ट्रैक्ट पर रखे गए ड्राइवरों को बड़ी राहत मिली है। कैबिनेट ने फैसला लिया कि इन ड्राइवरों को नियमित कर्मचारी मानकर सभी वित्तीय लाभ दिए जाएंगे।
इस फैसले से सैकड़ों परिवारों को स्थायी नौकरी और पेंशन-ग्रेच्युटी जैसे लाभ मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। 2 फरवरी की बैठक में बजट से जुड़े एजेंडे के अलावा अन्य विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं पर भी विचार होगा।
ये भी देखे: Haryana Cabinet Meeting: 26 जून को होगी हरियाणा कैबिनेट की बैठक, अहम फैसले पर लगेगी मुहर