लुधियाना, 23 जनवरी 2026: पंजाब की औद्योगिक नगरी लुधियाना में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने शहर की पूरी व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है। गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात से शुरू हुई तेज बारिश ने शहर की अधिकांश सड़कों को नदियों और नालों में बदल दिया। हालात इतने खराब हो गए कि रोजमर्रा के कामों के लिए घर से निकले लोग भारी परेशानी में फंस गए।
शहर की प्रमुख सड़कें जैसे फतेहगंज चौराहा, जालंधर बाईपास, गिल रोड, दुले रोड, चंडीगढ़ रोड, माल रोड, फगवाड़ा रोड और कई अन्य इलाकों में गहरा जलभराव हो गया। पानी की गहराई कई जगहों पर घुटनों से ऊपर पहुंच गई। गड्ढों में भरे पानी के कारण दर्जनों वाहन अनियंत्रित होकर पलट गए। कई जगहों पर दोपहिया और चारपहिया वाहन पानी में फंसकर बंद हो गए। इससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ गया।
मुख्य चौराहों और व्यस्त मार्गों पर घंटों तक जाम लगा रहा। हजारों वाहन चालक और पैदल राहगीर फंसे रहे। कई लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो शेयर कर प्रशासन और सरकार के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। लोग पूछ रहे हैं कि इतने बड़े विकास के दावों के बावजूद शहर की ड्रेनेज सिस्टम इतनी कमजोर क्यों है।
बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। निचले इलाकों में घरों में पानी घुस गया। कई फैक्टरियों और दुकानों में कामकाज ठप हो गया।
ये भी देखे: लुधियाना में भारी बारिश का कहर, जलभराव और बिजली कटौती से हाहाकार, उद्योगों को भारी नुकसान