बहादुरगढ़, 22 जनवरी 2026: हरियाणा के बहादुरगढ़ के आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक जूता फैक्टरी में सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो कर्मचारियों की जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना फैक्टरी नंबर 817 की है। आग सुबह करीब 5 बजे अचानक भड़की। फैक्ट्री के अंदर कर्मचारी सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग बाहर नहीं निकल पाए। दो कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान अब्दुल अतावारिस और अमीरुद्दीन उर्फ बड़े भैया के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई थे और उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के पाली कस्बे के निवासी थे। उनके करीबी रिश्तेदार मोसिन खान ने बताया कि दोनों दो दिन पहले ही गांव से बहादुरगढ़ काम पर लौटे थे।
आग में गंभीर रूप से झुलसे तीसरे कर्मचारी का नाम आरिफ है। वह उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के असमदा गांव का रहने वाला है। आरिफ को तुरंत बहादुरगढ़ के जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
ये भी देखे: यमुनानगर की लक्कड़ मंडी में प्लाईवुड फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख