चंडीगढ़, 10 जनवरी 2026: हरियाणा सरकार ने राजकीय स्कूलों में मिड-डे-मील योजना के तहत कार्यरत कुक-कम-हैल्परों के कार्यक्षेत्र को स्पष्ट करते हुए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मौलिक शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि इन कर्मचारियों से केवल मिड-डे-मील से जुड़ा कार्य ही लिया जाएगा। उनसे स्कूल के अन्य किसी भी प्रकार के कार्य (जैसे सफाई, क्लासरूम व्यवस्था आदि) कराने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
विभाग को समय-समय पर ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुक-कम-हैल्परों से स्कूल के गैर-मिड-डे-मील कार्य करवाए जा रहे हैं। इन शिकायतों के निपटारे के लिए यह सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
महानिदेशक मौलिक शिक्षा, हरियाणा की ओर से सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से अति आवश्यक आदेश भेजे गए हैं। कुक-कम-हैल्परों का वर्ष में दो बार निःशुल्क मेडिकल चेकअप अनिवार्य होगा। यह निर्णय अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग के आदेशों के अनुरूप है। इसकी सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी देखे: हरियाणा सरकार ने कर्मचारियों-पेंशनभोगियों के लिए जारी किया नया आदेश