पटना में ठंड के बीच नीतीश कुमार का सरप्राइज दौरा, जदयू कार्यालय पहुंचे, संगठन को दिए नए निर्देश

by Manu
Nitish Kumar

पटना, 29 दिसंबर 2025: बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण करने के साथ-साथ वह पार्टी संगठन को भी मजबूत बनाने पर फोकस कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार की देर शाम मुख्यमंत्री अचानक जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कार्यालय पहुंचे।

कार्यालय पहुंचते ही नीतीश कुमार ने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने नववर्ष से पहले संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान पार्टी की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों और संगठन को और सक्रिय बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने से जदयू कार्यालय में हलचल तेज हो गई। पार्टी पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया और मार्गदर्शन प्राप्त किया। नीतीश कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा से पार्टी के कामकाज की पूरी जानकारी ली। उन्होंने सभी नेताओं का हालचाल पूछा और कहा, “चुनाव में आप सबने बहुत अच्छा काम किया है। अब आगे दोगुनी मेहनत से काम कीजिए। जनता को किसी तरह की कोई समस्या न हो।”

इस मौके पर मंत्री विजय चौधरी, अशोक चौधरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

ये भी देखे: नीतीश कुमार की दिल्ली यात्रा, पीएम मोदी और अमित शाह से की मुलाकात

You may also like