ऋषिकेश प्रदर्शन: हाईवे-रेल मार्ग बाधित करने के आरोप में 6 गिरफ्तार, 600 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

by Manu
ऋषिकेश प्रदर्शन

ऋषिकेश, 29 दिसंबर 2025: ऋषिकेश कोतवाली पुलिस ने हुए प्रदर्शन के दौरान भीड़ को उकसाने, हाईवे और रेल मार्ग बाधित करने समेत कई गंभीर आरोपों में छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही 600 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पत्थरबाजों की फोटो जारी कर उनकी पहचान में सहयोग की अपील की है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि प्रदर्शनकारी पहले गुमानीवाला में वन विभाग के जमीन सर्वे का विरोध कर रहे थे। दोपहर करीब 12:30 बजे वे बाईपास मार्ग पर मनसादेवी फाटक तिराहे पर बैठ गए। कुछ लोग रेलवे ट्रैक पर भी बैठ गए, जिससे ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से श्रीगंगानगर जा रही ट्रेन आगे नहीं बढ़ पाई। ट्रेन गीतानगर में 12:50 बजे से 17:25 बजे तक ट्रैक पर खड़ी रही।

प्रदर्शनकारियों ने आईडीपीएल सिटी गेट, कोयलघाटी चौक और डीएसबी स्कूल के सामने बाईपास रोड पर भी जाम लगाया। इससे पूरे शहर में यातायात व्यवस्था चरमरा गई।

पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर जांच तेज की। सोमवार को छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। अज्ञात पत्थरबाजों की पहचान के लिए फोटो जारी की गई हैं।

ये भी देखे: ऋषिकेश-चंबा-गंगोत्री हाईवे पर बस हादसा, दो की मौत, 13 घायल, घायलों का चल रहा इलाज

You may also like