मुंबई, 29 दिसंबर 2025: भांडुप पश्चिम रेलवे स्टेशन परिसर के पास सोमवार रात एक BEST बस की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए। हादसा स्टेशन बस डिपो के निकट हुआ।
घटना रात करीब 10:05 बजे की है। पुलिस के अनुसार बस डिपो के पास रिवर्स ले रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद यात्री बस की चपेट में आ गए। हादसे के वक्त स्टेशन परिसर में काफी भीड़ थी। कई लोग अपने काम से घर लौट रहे थे।
बस के नीचे आने से 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 9 घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, मुंबई अग्निशमन दल, BEST अधिकारी और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। बस के नीचे दबे लोगों को निकालकर अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में रिवर्स लेते समय चालक की लापरवाही को मुख्य कारण माना जा रहा है। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी देखे: जयपुर के पास मजदूरों से भरी बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आई, 2 की मौत, 12 झुलसे