बदायूं, 28 दिसंबर 2025: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को स्पष्ट दावा किया कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में किसी भी व्यक्ति का नाम नहीं काटा गया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को इस बात से परेशानी है कि वे बिहार विधानसभा चुनाव बुरी तरह हार चुके हैं।
बदायूं में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 66वें ब्रज प्रांत अधिवेशन को संबोधित करते हुए ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के लोग संसद और विधानसभा में वंदेमातरम का विरोध करते हैं। उनके होंठ वंदेमातरम गाने पर सिल जाते हैं।
पाठक ने कहा कि उन्होंने विधानसभा सत्र में इस मुद्दे को मजबूती के साथ उठाया था। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि देश विरोधी ताकतें अगर उभरने का प्रयास करें तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिम्मेदारी बनती है कि उन ताकतों को उभरने से रोके।
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने एसआईआर को लेकर कहा कि किसी का भी नाम नहीं काटा जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या मतदाता सूची में मृतकों के नाम या जिनका अता-पता नहीं है उनके नाम शामिल रहने चाहिए?
पाठक ने कहा कि यह पहली बार नहीं हो रहा है। इससे पहले भी ऐसे नाम हटाए गए हैं। विपक्ष के पेट में दर्द सिर्फ इसलिए है क्योंकि वे बिहार का चुनाव बुरी तरह हार चुके हैं।
ये भी देखे: रायबरेली में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का तीखा पलटवार, गांधी परिवार को बताया ‘राजा’