पलवल, 28 दिसंबर 2025: हरियाणा के पलवल जिले के हथीन उपमंडल के गांव उटावड़ में रास्ते में पानी फैलाने को लेकर हुए झगड़े में चार लोग घायल हो गए। हमले में लूटपाट भी की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। घायलों में दो सगे भाई भी शामिल हैं।
उटावड़ थाना पुलिस ने सात नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ अपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रेणू शेखावत ने बताया कि गांव उटावड़ निवासी जुबैर ने पुलिस को शिकायत दी। जुबैर ने बताया कि वह घर पर पानी की नली से पानी भर रहा था। नली पुरानी होने के कारण कुछ पानी रास्ते में फैल रहा था।
इसी बात पर सहाबुद्दीन, मुनफेद, साकिर, जमशेद, उमर, मकसूद और वारिश ने पानी रास्ते में फैलाने से मना किया। बात छोटे से विवाद में बदल गई। विवाद के दौरान आरोपियों ने घर में घुसकर हमला कर दिया।
हमलावरों के हाथों में देसी कट्टा, लाठी, फरसा और कुल्हाड़ी जैसे हथियार थे। हमले में जुबैर और उनके भाई सहिद को चोटें आईं। परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए।
हमले के दौरान आरोपी मुनफेद ने जुबैर की जेब से 20 हजार 700 रुपये भी जबरन छीन लिए। झगड़े का शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। हमलावर ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
ये भी देखे: पलवल में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापेमारी, 1500 किलो पनीर के सैंपल भेजे लैब