मुर्शिदाबाद, 27 दिसंबर 2025: तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित विधायक और जन उन्नयन पार्टी (जेयूपी) प्रमुख हुमायूं कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद उर्फ रॉबिन पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगे हैं। इस बार उन पर अपने ही पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (पीएसओ) के साथ मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि शनिवार सुबह पीएसओ जुम्मा खान सक्तिपुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। जुम्मा खान ने आरोप लगाया कि उन्होंने घर जाने के लिए छुट्टी मांगी तो रॉबिन ने उनसे झगड़ा किया और मारपीट कर दी। घटना हुमायूं कबीर के शक्तिपुर स्थित ऑफिस (ग्राउंड फ्लोर) में हुई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में रॉबिन को मुख्य आरोपी पाया गया। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर सक्तिपुर थाने पहुंचाया। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।