ढाका, 27 दिसंबर 2025: बांग्लादेश के छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या मामले में नया मोड़ सामने आया है। ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) ने शुक्रवार को दावा किया कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के दो मुख्य आरोपी भारत भागकर मेघालय पहुंच गए हैं।
द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी फैसल करीम मसूद और आलमगीर शेख हुलुआघाट सीमा के रास्ते भारत में दाखिल हुए। सीमा पार करने के बाद उन्हें पहले पूर्ति नाम के व्यक्ति ने रिसीव किया। फिर सामी नामक टैक्सी चालक ने उन्हें मेघालय के तुरा शहर तक पहुंचाया।
ढाका में DMP मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अतिरिक्त आयुक्त एसएन नजरुल इस्लाम ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीमा पार करने में मदद करने वाले दो लोगों को भारत में हिरासत में लिया गया है। बांग्लादेशी पुलिस भारतीय एजेंसियों के साथ औपचारिक और अनौपचारिक स्तर पर समन्वय कर रही है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं।
उल्लेखनीय है कि 12 दिसंबर को ढाका के बिजयनगर इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान हादी को सिर में गोली मारी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें सिंगापुर ले जाया गया जहां 18 दिसंबर को उनकी मौत हो गई।
ये भी देखे: उस्मान हादी के भाई ने यूनुस सरकार पर लगाया हत्या का आरोप, कहा- चुनाव टालने के लिए कराई हत्या