कुरुक्षेत्र में महिला थाने की सब-इंस्पेक्टर 85 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

by Manu
रिश्वत

कुरुक्षेत्र, 28 नवंबर 2025: एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबाला-कुरुक्षेत्र की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला थाना कुरुक्षेत्र में तैनात सब-इंस्पेक्टर सत्यावंती को 85 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, एसआई सत्यावंती ने एक छेड़खानी और अनैतिक संबंधों के मामले में शिकायतकर्ता ईश्वर सिंह का नाम हटाने के बदले एक लाख रुपये की मांग की थी। ईश्वर पहले ही 15 हजार रुपये दे चुका था। बाकी 85 हजार रुपये के लिए उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

ईश्वर ने ACB में शिकायत दी कि भुगतान न करने पर एसआई उसे फंसाने और गंभीर धाराएं जोड़ने की धमकी दे रही थी। शुक्रवार को एसआई ने ईश्वर को सेक्टर-8 स्थित महिला थाने में बुलाया।

ACB ने इंस्पेक्टर नन्ही देवी के नेतृत्व में जाल बिछाया। ईश्वर को चिन्हित नोट दिए गए। जैसे ही एसआई ने 85 हजार रुपये रिश्वत लिए, टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें धर दबोचा। पूरी रकम बरामद कर ली गई।

ये भी देखे: अटेली में ACB का रिश्वतखोरों पर शिकंजा, BDPO क्लर्क और साथी को 40 हजार की घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा

You may also like