चंडीगढ़, 28 नवंबर 2025: पिछले एक साल में घरेलू मैदान पर दो लगातार टेस्ट सीरीज हारने के बाद भी गौतम गंभीर भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच बने रहेंगे। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल कोचिंग सेटअप में कोई बदलाव पर विचार नहीं हो रहा। एक बोर्ड अधिकारी ने कहा कि गंभीर तीनों फॉर्मेट के हेड कोच बने रहेंगे।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुवाहाटी टेस्ट में 408 रनों से मिली करारी हार ने टीम के आत्मविश्वास को झकझोर दिया। यह भारत की टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी हार थी। इससे पहले नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड ने भारत को घर पर 0-3 से क्लीनस्वीप किया था। इन हारों ने गंभीर पर भारी आलोचना के बादल मंडरा दिए।
पोस्ट-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने कहा कि उनका भविष्य बीसीसीआई तय करेगी। लेकिन वे वही व्यक्ति हैं जिनके नेतृत्व में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी और एशिया कप जीता। इंग्लैंड में 2-2 की ड्रॉ का भी जिक्र किया। गंभीर ने बल्लेबाजी कोलैप्स को अस्वीकार्य बताया और कहा कि किसी एक खिलाड़ी को दोष नहीं दिया जाएगा।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी कहा कि बोर्ड जल्दबाजी में फैसले नहीं लेता। गंभीर को टेस्ट कोचिंग से हटाने की अटकलें थीं लेकिन व्हाइटबॉल में सफलता को देखते हुए उन्हें मौका मिलेगा।
ये भी देखे: गौतम गंभीर की मां को आया हार्ट अटैक, इंग्लैंड टेस्ट सीरीज छोड़ भारत लौटे गंभीर