भदोही, 11 अक्तूबर 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को भदोही जिले के ज्ञानपुर में चौथे अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले का शुभारंभ किया। तय समय से करीब 20 मिनट की देरी से पहुंचे सीएम की सुरक्षा व्यवस्था को अंबार लगाया गया था। अभयनपुर से मेगा मार्ट तक सिर्फ चिन्हित लोगों को ही जाने दिया गया, और कुल 1200 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई।
मेले को संबोधित करते हुए योगी ने अमेरिकी टैरिफ से उपजी चुनौतियों पर निर्यातकों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार वैकल्पिक रास्ते खोज रही है। विश्व के कई देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के जरिए उद्योग को नई दिशा दी जाएगी। सीएम ने जोर देकर कहा कि लाखों लोगों को रोजगार देने वाले कालीन उद्योग की मजबूती के लिए हर संभव प्रयास हो रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना में कालीन को शामिल कर उद्यमियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
योगी ने कहा, “यहां का हैंडमेड कार्पेट हमारी ताकत है। ये मेला उद्यमियों को नया प्लेटफॉर्म देगा, जहां वे वैश्विक बाजार से जुड़ सकेंगे।” कार्यक्रम में स्थानीय नेता और उद्योगपति भी मौजूद रहे।
ये भी देखें: सीएम योगी का मंत्रियों को सख्त आदेश, जिलों में घूमें, सरकार की उपलब्धियां गिनाएं