चंडीगढ़, 22 सितंबर 2025: आज 22 सितंबर से केंद्र सरकार की ओर से जीएसटी दरों में ऐतिहासिक कटौती लागू हो गई है।अब आम आदमी की जेब पर बोझ हल्का हो जाएगा। अब जरूरी सामानों पर सिर्फ दो स्लैब 5% और 18% में टैक्स लगेगा। पुरानी 12% और 28% स्लैब हट जाएंगे। जीएसटी 2.0 के तहत ये सुधार नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही शुरू हो गए हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इन्हें ‘सेविंग फेस्टिवल’ का तोहफा बताया है। इससे किचन स्टेपल्स से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स, दवाइयों और कारों तक 375 से ज्यादा आइटम सस्ते हो जाएंगे, जिसका असर दिवाली खरीदारी पर भी पड़ेगा।
दिवाली से पहले मिला बड़ा तोहफा- शहजाद पूनावाला
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इन बदलावों का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने नवरात्रि, दिवाली और छठ पूजा से पहले देश को एक बड़ा दिवाली उपहार दिया है। “हम इसे ‘बचत उत्सव’ के रूप में मना रहे हैं। जीएसटी 2.0 अगली पीढ़ी के सुधारों से ‘रोटी-कपड़ा-मकान’ की कीमतें कम होंगी।” पूनावाला ने जोर देकर कहा कि ये कदम किसानों, युवाओं, महिलाओं और हर वर्ग के लिए फायदेमंद साबित होंगे। इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, स्वास्थ्य उत्पाद, शिक्षा सामग्री और वाहनों पर टैक्स कट से लाखों परिवारों को राहत मिलेगी।
ये भी देखे: स्वतंत्रता दिवस 2025: पीएम मोदी का ऐतिहासिक भाषण, जीएसटी में बड़े सुधारों का वादा