मोगा, 18 सितंबर 2025: पंजाब के मोगा जिले के महेसरी गांव में आज एक युवक की गंडासी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है कि मृतक धर्मप्रीत की हत्या उसके ही पड़ोसी ने की, क्योंकि उसे शक था कि धर्मप्रीत की उसकी पत्नी के साथ अनैतिक संबंध हैं।
सदर थाने के डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच सूचना मिली कि धर्मप्रीत नाम के युवक की हत्या हो गई है। जांच में पता चला कि आरोपी जसकरण सिंह को लंबे समय से इस शक में रंजिश थी। आज जब धर्मप्रीत मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था, तो जसकरण सड़क पर खड़ा हो गया। जैसे ही धर्मप्रीत उसके पास पहुंचा, जसकरण ने गंडासी से उस पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही धर्मप्रीत की मौत हो गई।
डीएसपी ने कहा कि पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर केस दर्ज कर लिया है और जसकरण सिंह को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।
ये भी देखे: Moga Firing: मोगा में घर के बाहर युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हालत गंभीर