गंगटोक, 12 सितंबर 2025: सिक्किम के पश्चिमी हिस्से में यांगथांग विधानसभा क्षेत्र के अपर रिम्बी में गुरुवार देर रात हुए भीषण भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। इस हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग अभी भी लापता हैं। भारी बारिश के कारण हुए इस भूस्खलन ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
पुलिस के अनुसार, भूस्खलन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। घटनास्थल तक पहुंचना आसान नहीं था, क्योंकि बाढ़ग्रस्त ह्यूम नदी को पार करना पड़ रहा था। बचाव दल ने सूझबूझ दिखाते हुए पेड़ों की लकड़ियों से अस्थायी पुल बनाया और दो घायल महिलाओं को सुरक्षित निकाला। दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन एक महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दूसरी महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
ये भी देखे: हरिद्वार में मनसा देवी पहाड़ी पर भूस्खलन, हर की पौड़ी के पास रेल मार्ग ठप