रायबरेली, 10 सितंबर 2025: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार विरोध किया। राहुल गांधी जिस हाईवे से अपने तय कार्यक्रम के लिए जा रहे थे, उसी रास्ते पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
बीजेपी नेताओं की मांग थी कि राहुल गांधी बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और कांग्रेस के संयुक्त मंच ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय मां के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के लिए माफी मांगें। इस विरोध प्रदर्शन में योगी सरकार में मंत्री और विधान परिषद सदस्य दिनेश प्रताप सिंह भी शामिल थे।
पत्रकारों से बात करते हुए दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, “राहुल गांधी ने बिहार में पीएम नरेंद्र मोदी की मां को गाली दी, जो बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। यह किसी भी व्यक्ति के लिए लज्जाजनक है। राहुल गांधी को तुरंत इसके लिए माफी मांगनी चाहिए और उन कार्यकर्ताओं की निंदा करनी चाहिए, जिन्होंने ऐसी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। साथ ही, ऐसे लोगों को पार्टी से निष्कासित करना चाहिए। अगर राहुल गांधी स्वयं कह देते कि इस घटना से वे लज्जित हैं, तो शायद बात ठीक हो जाती। लेकिन मुझे लगता है कि राहुल गांधी स्वयं ऐसी भाषा को बढ़ावा देना चाहते हैं।”
ये भी देखे: राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में हादसा, पुलिसकर्मी को लगी मामूली चोट