अवध असम एक्सप्रेस में शौचालय में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, मुजफ्फरपुर में मिली चिकित्सा सहायता

by Manu
baby birth in train

मुजफ्फरपुर, 04 सितंबर 2025: पश्चिम बंगाल के न्यू कूचबिहार की रहने वाली बेबी सुल्ताना ने 15910 अवध असम एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अपने पति आलम गिरी के साथ रोहतक से न्यू कूचबिहार की यात्रा के दौरान एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। यह घटना तब हुई जब ट्रेन हाजीपुर के पास थी और बेबी सुल्ताना को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई।

अवध असम एक्सप्रेस ट्रेन में कोई चिकित्सक उपलब्ध न होने के कारण वह शौचालय में चली गईं और वहां उन्होंने बच्ची को जन्म दिया। उनके पति ने तुरंत कोच कंडक्टर को सूचित किया, जिसके बाद कंट्रोल रूम को मैसेज भेजा गया। जैसे ही ट्रेन मुजफ्फरपुर स्टेशन पहुंची रेलवे के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शालिग्राम चौधरी अपनी टीम के साथ एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही स्टैटिक टीटीई, आरपीएफ की कांस्टेबल श्वेता लोधी और कांस्टेबल दीपक कुमार भी वहां मौजूद थे।

महिला और नवजात को तत्काल एंबुलेंस से मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। इस घटना ने रेलवे कर्मचारियों की तत्परता और मानवीय संवेदना को उजागर किया है।

ये भी देखे: शिक्षक दिवस पर नीतीश कुमार ने दी शिक्षकों को शुभकामनाएं, कहा- शिक्षक हैं समाज की रीढ़

You may also like