चंडीगढ़, 29 अगस्त 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के टोक्यो से भारत में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के विस्तार की महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की है। शुक्रवार को योमिउरी शिम्बुन को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना भारत और जापान के बीच एक प्रमुख सहयोग है, और इसका लक्ष्य अगले कुछ वर्षों में यात्री सेवाएं शुरू करना है। इसके साथ ही, भारत में 7,000 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित करने की योजना का ऐलान किया गया है।
मेक इन इंडिया के तहत बनेगा हाई-स्पीड रेल नेटवर्क – पीएम मोदी
पीएम मोदी ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का अधिकांश हिस्सा ‘मेक इन इंडिया’ पहल के तहत तैयार किया जाएगा, ताकि यह टिकाऊ और व्यवहार्य हो। उन्होंने जापानी कंपनियों को इस परियोजना में सक्रिय भागीदारी के लिए आमंत्रित करते हुए कहा, “मैं जापानी कंपनियों की भागीदारी का स्वागत करता हूं। यह दोनों देशों के लिए लाभकारी होगा।”
मोदी ने भारत-जापान सहयोग को और विस्तार देने की बात कही, जिसमें न केवल हाई-स्पीड रेल, बल्कि बंदरगाह, विमानन, जहाज निर्माण, सड़क परिवहन, रेलवे और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्र शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने इन क्षेत्रों में कई महत्वाकांक्षी पहल शुरू की हैं, और जापान के साथ मिलकर इनमें तेजी लाई जा सकती है।
ये भी देखे: पुतिन ने पीएम मोदी को फोन कर दी अलास्का में ट्रंप के साथ बैठक की जानकारी, भारत-रूस संबंधों पर भी चर्चा