पटना, 25 अगस्त 2025: बिहार की राजधानी पटना में 15 अगस्त को इंद्रपुरी रोड नंबर-12 पर एक कार से मिले दो मासूम बच्चों के शव के मामले में दोषी के खिलाफ ठोस कार्रवाई न होने से नाराज स्थानीय लोगों ने अटल पथ पर उग्र प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने कई वाहनों में तोड़फोड़ की, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई। पुलिस ने भीड़ को शांत करने के लिए लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने अटल पथ पर एक स्कॉर्पियो और दो बाइक को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान आधा दर्जन से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। उपद्रव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल पर एसएसपी और आईजी कैंप कर रहे हैं, जबकि भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आईजी जितेंद्र राणा ने कहा कि मामले में केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-12 के पास हुई, जहां 15 अगस्त (शुक्रवार) शाम एक घर के कैंपस में खड़ी कार से दो बच्चों के शव बरामद हुए थे। मृतकों की पहचान 5 वर्षीय दीपक कुमार और 7 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई, जो भाई-बहन थे। परिवार वालों ने बच्चों की हत्या का आरोप लगाया है और इस मामले में पुलिस ने ट्यूशन टीचर को भी गिरफ्तार किया था।
ये भी देखे: Patna News: पटना में NSUI का बिहार सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, पुलिस से झड़प