लखनऊ, 21 अगस्त 2025: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य विभाग में अनुशासनहीनता और लापरवाही के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। उन्होंने बिना सूचना के लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले सात डॉक्टरों को बर्खास्त करने के निर्देश दिए हैं। इनमें झांसी जिला चिकित्सालय के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकुल मिश्र, अमेठी के बाजार शुक्ल न्यू सीएचसी के डॉ. विकास कुमार मिश्र, अमेठी के जगदीशपुर न्यू सीएचसी के डॉ. वीके शर्मा, बरेली सीएमओ के अधीन डॉ. दीपेश गुप्ता, सीतापुर मिश्रिख सीएचसी की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्वेता सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विक्रांत आनंद और हाथरस जिला चिकित्सालय के पैथोलॉजिस्ट डॉ. मोहम्मद राफे शामिल हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने इन डॉक्टरों से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर डिप्टी सीएम ने सख्त कार्रवाई का आदेश दिया। इसके अलावा, बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज में ईएनटी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अभिषेक कुमार शाह, जो 2023 से अनुपस्थित हैं, के खिलाफ भी आरोप पत्र देकर विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी देखे: योगी सरकार के 8 साल: रिपोर्ट कार्ड जारी, ‘जनपदीय विकास उत्सव’ का ऐलान