पंजाब में बाढ़ संकट: भगवंत मान सरकार का एक्शन प्लान, मंत्रियों को सौंपी जिम्मेदारियां

by Manu
बाढ़

चंडीगढ़, 21 अगस्त 2025: पंजाब में बाढ़ की गंभीर स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पूरी तरह से एक्शन मोड में है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को राहत और सहायता सुनिश्चित करने के लिए कैबिनेट मंत्रियों को विभिन्न जिलों में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रभावित व्यक्ति को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और प्रशासन हरसंभव मदद के लिए तत्पर है।

इसके तहत कई कैबिनेट मंत्री अलग-अलग जिलों में जाकर हालात का जायजा लेंगे और राहत कार्यों को गति देंगे। जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल फिरोजपुर और तरनतारन में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करेंगे और बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडिया सुल्तानपुर लोधी में प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे, जबकि मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पट्टी में राहत सामग्री वितरित करेंगे और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इसके अलावा, कैबिनेट मंत्री डॉ. बलबीर सिंह कपूरथला में जिला अधिकारियों और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल कैंपों की व्यवस्था को मजबूत करेंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दे रहे हैं कि प्रभावित लोगों को तुरंत मदद मिले। सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रखा है, जिसमें 172 एंबुलेंस, 438 रैपिड रिस्पॉन्स टीमें और 323 मोबाइल मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। साथ ही, नदियों के किनारों पर चौबीसों घंटे निगरानी और बाढ़ प्रभावित गांवों में तटबंधों को मजबूत करने के लिए जंबो बैग की खरीदारी जैसे कदम उठाए गए हैं।

ये भी देखे: Punjab News: रावी नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रशासन सतर्क, बाढ़ का खतरा नहीं

You may also like