सारण, 20 अगस्त 2025: बिहार के सारण जिले में पूर्वोत्तर रेलवे के छपरा स्टेशन पर मंगलवार को ड्यूटी के दौरान इंस्पेक्टर ऑफ वर्क्स (आईओडब्लू) राकेश कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से आए प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर नीलमणि और सीनियर डीआई-2 अधिकारी छपरा जंक्शन का निरीक्षण कर रहे थे। राकेश कुमार भी निरीक्षण टीम के साथ मौजूद थे। परिजनों ने बताया कि राकेश पहले से हृदय रोग से पीड़ित थे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों के साथ तेजी से चलते समय उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े।
रेलकर्मियों ने तुरंत उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन, सदर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
रेलवे प्रशासन और परिजनों में इस घटना से शोक की लहर है। राकेश कुमार के आकस्मिक निधन ने कार्यस्थल पर मानसिक और शारीरिक दबाव के मुद्दे को भी फिर से चर्चा में ला दिया है।
ये भी देखे: आरा रेलवे स्टेशन पर दिल दहलाने वाली घटना: पिता-पुत्री की हत्या के बाद हमलावर ने खुद को मारी गोली