चंडीगढ़, 08 अगस्त 2025: ट्रंप प्रशासन ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर ड्रग माफिया होने का आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी के लिए 5 करोड़ डॉलर (लगभग 438 करोड़ रुपये) के इनाम की घोषणा की है। यह राशि पहले घोषित इनाम से दोगुनी है। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने गुरुवार को एक वीडियो बयान में कहा कि मादुरो दुनिया के सबसे बड़े नशा तस्करों में से एक हैं और वे ट्रेन डे अरागुआ, सिनालोआ कार्टेल और कार्टेल ऑफ द सन्स जैसे संगठनो के साथ मिलकर अमेरिका में फेंटेनाइल मिश्रित कोकीन की तस्करी कर रहे हैं, जो अमेरिकी नागरिकों के लिए खतरा है।
नार्को आतंकवाद के तहत मामला दर्ज
मादुरो के खिलाफ 2020 में ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान मैनहट्टन की संघीय अदालत में नार्को-आतंकवाद और कोकीन आयात की साजिश के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। उस समय उनकी गिरफ्तारी के लिए 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम रखा गया था, जिसे बाइडन प्रशासन ने बढ़ाकर 2.5 करोड़ डॉलर कर दिया था। अब ट्रंप प्रशासन ने इसे दोगुना कर 5 करोड़ डॉलर कर दिया है। बोंडी ने कहा कि ड्रग इन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) ने मादुरो और उनके सहयोगियों से जुड़ी 30 टन कोकीन जब्त की है, जिसमें से करीब 7 टन का सीधा संबंध मादुरो से है। इसके अलावा, 70 करोड़ डॉलर की संपत्ति, जिसमें दो निजी जेट और नौ वाहन शामिल हैं, भी जब्त किए गए हैं।
ये भी देखे: ट्रंप ने 12 देशों के लोगों पर लगाया अमेरिका में एंट्री पर बैन, कई बड़े देश शामिल