चंडीगढ़, 26 जुलाई 2025: अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर डेराबस्सी के पास एक दुखद घटना में 54 वर्षीय ट्रक ड्राइवर सतनाम सिंह की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। सतनाम सहारनपुर के गंगोह के रहने वाला था। अमृतसर से सामान लोड कर अपने ट्रक से सहारनपुर लौट रहे थे। उनके साथ कोई कंडक्टर नहीं था। शुक्रवार को जब वह डेराबस्सी रेलवे ओवरब्रिज से तेज गति से गुजर रहे थे, तभी डी.ए.वी. स्कूल के पास उन्हें हार्ट अटैक आया।
जांच अधिकारी ए.एस.आई. कुलदीप सिंह के अनुसार, सतनाम ने अपनी सूझबूझ से स्ट्रोक के बावजूद ट्रक को सड़क किनारे रोक लिया जिससे बड़ा हादसा टल गया। आसपास के लोगों ने उन्हें ट्रक से निकाला और एस.एस.एफ. की पेट्रोलिंग गाड़ी से डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डेराबस्सी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 194 (अप्राकृतिक मृत्यु) के तहत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण दिल का दौरा ही पाया गया है।
ये भी देखे: Heart Health: हृदय रोग और दिल का दौरा से बचने के लिए अपनाएं ये 5 टिप्स