पुंछ, 25 जुलाई 2025: पुंछ जिले के कृष्णा घाटी उपजिला में शुक्रवार को एक बारूदी सुरंग के विस्फोट से भारतीय सेना की 7वीं जाट रेजिमेंट के एक जवान की शहादत हो गई। वही दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए है। गश्त के दौरान जवान एक एम-16 बारूदी सुरंग की चपेट में आ गए।
विस्फोट में नायब सूबेदार हरि राम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि हवलदार गजेंद्र सिंह और सिपाही ललित कुमार बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही सेना और स्थानीय प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिए।
सेना के व्हाइट नाइट कोर ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “सभी रैंक नायब सूबेदार हरि राम को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने 25 जुलाई 2025 को कृष्णा घाटी क्षेत्र में गश्त के दौरान बारूदी सुरंग विस्फोट में सर्वोच्च बलिदान दिया। हम इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़े हैं।”
ये भी देखे: जम्मू-कश्मीर: पुंछ में पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन, एक जवान शहीद