हिमाचल में अब तक 135 लाेगाें की मौत, हजारों घर हुए बेघर

by Nishi_kashyap
हिमाचल

हिमाचल, 23 जुलाई,2025: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। जगह-जगह भूस्खलन, बादल फटने और बाढ़ जैसी घटनाओं के कारण लोगों की संपत्तियाँ पानी में बह गई साथ ही इन घटनाओं ने कई जिंदगियों को भी तबाह कर दिया है। कई जिलों में सड़क संपर्क टूट गया है, बिजली आपूर्ति ठप्प है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 22 जुलाई की रिपोर्ट के अनुसार राज्यभर में 432 सड़कें अभी भी बंद हैं, 534 विद्युत ट्रांसफॉर्मर काम नहीं कर रहे और 197 जलापूर्ति योजनाएँ बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।

मौत का आंकड़ा 135 पहुँचा

बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 135 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 76 मौतें भूस्खलन, बादल फटने, बिजली गिरने और अचानक आई बाढ़ जैसी घटनाओं में हुई हैं, जबकि 59 लोग सड़क हादसों में मारे गए हैं। सबसे ज़्यादा मौतें कांगड़ा (16), कुल्लू (8), मंडी (17) और चंबा (7) जिलों से सामने आई हैं। मंडी में बादल फटने, कांगड़ा में अचानक आई बाढ़ और शिमला-सोलन में लगातार हो रहे भूस्खलन ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी है। कई घर जमींदोज हो गए हैं, पुल टूट गए हैं, सड़कें बह गई हैं और खेत खलिहान मिट्टी में समा गए हैं।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

सरकारी एंजेसियों के साथ-साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय राहत दल लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। कई राहत शिविर बनाए गए हैं और मृतकों के परिजनों और बेघर हुए लोगों को मुआवज़ा दिया जा रहा है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आम जनता से सतर्क रहने, मौसम अलर्ट का पालन करने और भूस्खलन संभावित इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

यह भी पढ़ें: UP News: अब इन छात्रों को भी मिलेगी स्कॉलरशिप, पढ़ें नया नियम

You may also like