औरैया,18 जुलाई, 2025: उत्तर प्रदेश के औरैया में हैरान कर देने वाला बड़ा मामला सामने आया है। बतादें की साइबर ठगी के मामले में विवेचना करने आई हरियाणा पुलिस के डर से एक युवक ने छत से छलांग लगा दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। आनन फानन में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना परिवार में कोहराम मच गया है।
यह पूरा मामला उत्तर प्रदेश के औरैया के थाना कोतवाली क्षेत्र के ओम नगर मोहल्ले का है। हरियाणा के फरीदाबाद से साइबर थाना पुलिस एक मामले में विवेचना करने आरोपी अंकुर चतुर्वेदी के घर पहुँची थी। हरियाणा पुलिस को अचानक घर पर देखकर अंकुर बुरी तरह से घबरा गया, जिसके बाद उसने घर से भागने की कोशिश की।
पुलिस को देख छत से कूदा युवक
अंकुर को भागते देख पुलिस ने उसे घेरना शुरू कर दिया, उसने घर की छत से भागने की कोशिश की। पुलिस भी उसका पीछा करते हुए वहीं पहुँच गई, जिसके बाद आरोपी ने छत से छलांग लगा दी।
अंकुर के छत से कूदते ही पूरे घर में हड़कंप मंच गया और पुलिस के भी हाथ पैर फूलने लगे, जिसके बाद पुलिस तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुँची जहाँ उसे इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। इसके बाद हरियाणा पुलिस वापस लौट गई। इधर इलाज के दौरान अंकुर चतुर्वेदी की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस पूरे मामले में मृतक के परिजन कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है।
औरैया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस इस मामले की जाँच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Sawan Kanwar Yatra 2025: JCB पर सीएम योगी की तस्वीर लगाकर हरिद्वार जल लेने पहुँचे कांवड़िए