आगरा,18 जुलाई, 2025: आगरा में समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन ने शहर के सौ वार्डो में फैली गंदगी को लेकर धरना प्रदर्शन किया। उनके साथ इस दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सपा सांसद ने नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की भर्ती को लेकर भी सवाल उठाए।
सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि आगरा स्मार्ट सिटी नही, नरक सिटी बन गई है। उन्होंने कहा की शहर की जनसंख्या को देखते हुए शहर में साढ़े सात हजार कर्मचारियों की नियुक्ति की जानी चाहिए। जबकि वर्तमान में सिर्फ चार हजार कर्मचारी ही कार्य कर रहे हैं।
सपा सांसद ने किया धरना प्रदर्शन
आगरा नगर निगम को देश के स्वच्छ सर्वेक्षण में दूसरा स्थान मिला है। सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने तंज कस्ते हुए कहा की नगर निगम ने आगरा शहर को नर्क बना दिया है, पूरी सफाई व्यवस्था ध्वस्त पड़ी हुई है। आगरा शहर में 100 वार्ड है और सभी वार्डो में गंदगी और जलभराव की समस्या है। उन्होंने कहा की यह बहुत ही गंभीर विषय है। पिछले वर्ष नगर निगम ने एक हजार सफाई कर्मचारियों की भर्ती का प्रस्ताव पास किया था लेकिन अभी एक भी भर्ती नहीं की गई है।
इसके अलावा उन्होंने कहा की बारिश के समय जगह-जगह जलभराव होता है। ऐसे में गंभीर बीमारियाँ फैलेंगी जिससे लोग बीमार होंगे, नगर निगम के बजट को लेकर उन्होंने कहा कि हमे पता है नगर निगम बजट में बंदरबांट होता है।
आगरा नगर निगम के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने कहा कि इन सभी गंभीर मुद्दों पर तुरंत कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा की आगरा नगर निगम पर बड़ा बजट आता है इसके बावजूद भी हालात ऐसे बने हुए है। उन्होंने कहा की आज हमने एक दिन का धरना दिया है। यदि स्थिति नहीं बदली तो आंदोलन होगा।
यह भी पढ़ें: UP News: मुहर्रम और सावन का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने दिया बड़ा बयान