लखनऊ,16 जुलाई, 2025: ‘ग्रुप कैप्टन’ शुभांशु शुक्ला की पृथ्वी पर सकुशल वापसी के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी और उनकी यात्रा को देश के लिए गौरव का क्षण व् युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। जानकारी के लिए आपको बता दें कि ड्रैगन अंतरिक्ष यान मंगलवार को भारतीय समयानुसार अपराह्न तीन बजकर एक मिनट पर अमेरिका में दक्षिणी कैलिफोर्निया के सैन डिएगो के नजदीक समुद्र में उतरा। जिसमें 18 दिन उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर बिताए।
पृथ्वी पर आपका स्वागत है-सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पृथ्वी पर आपका स्वागत है।” उन्होंने कहा, ‘ऐतिहासिक एक्सिओम मिशन को सकुशल संपन्न कर सफल वापसी पर ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला जी एवं उनकी टीम को हार्दिक बधाई।” योगी ने कहा, ‘‘आपकी उपलब्धि साहस, समर्पण और विज्ञान के प्रति संकल्प का गौरवपूर्ण प्रतीक है। आज हर भारतीय, विशेषकर उत्तर प्रदेशवासी गौरवान्वित है। भारत आपके स्वागत के लिए उत्सुक है।”

अखिलेश यादव ने भी जाहिर की खुशी
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी शुक्ला की अंतरिक्ष से सुरक्षित वापसी पर खुशी जाहिर की और उनके माता-पिता, परिवार एवं देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा की, “यह मिशन भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा। सभी भारतीयों को शुभांशु शुक्ला पर गर्व है।”
यह भी पढ़े: UP News: कांवड़ यात्रा के चलते इस ज़िले में बंद हुए सभी शैक्षिणक संस्थान