पटना, 12 जुलाई 2025: पटना एयरपोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी एयरपोर्ट डायरेक्टर को उनके ईमेल पर भेजी गई, जिसके बाद एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। धमकी भरे मेल ने अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों में खलबली मचा दी। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तलाशी अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान एयरपोर्ट परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एहतियात के तौर पर कई उड़ानों की सुरक्षा जांच को और सख्त कर दिया गया, साथ ही टर्मिनल में यात्रियों और उनके सामान की कड़ी निगरानी की गई। हालांकि, उड़ानों के संचालन पर कोई खास असर नहीं पड़ा और सभी सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।
बता दें कि 10 दिन पहले भी पटना एयरपोर्ट को ऐसी ही धमकी मिली थी, जो बाद में झूठी निकली थी। इस बार दोबारा धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
ये भी देखे: Bomb Threat: पटना एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप