Ambala News: बिजली काटने पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज का एक्शन, XEN को किया सस्पेंड

by Manu
अनिल विज

अंबाला, 01 जुलाई 2025: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी के फीनिक्स क्लब की बिजली गलत तरीके से काटने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (HVPNL) के कार्यकारी अभियंता (XEN) हरीश गोयल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। हरीश गोयल वर्तमान में यमुनानगर के जगाधरी में तैनात हैं और उनके पास नारायणगढ़ विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय पंचकुला में निर्धारित किया गया है।

फीनिक्स क्लब के चेयरमैन शैली खन्ना ने बताया कि सोमवार देर रात हरीश गोयल निक्कर पहनकर क्लब में पहुंचे, जो क्लब के ड्रेस कोड नियमों का उल्लंघन था। क्लब स्टाफ ने उन्हें अंदर जाने से रोका, लेकिन गोयल दूसरे रास्ते से क्लब के बार तक पहुंच गए। जब स्टाफ ने उन्हें बाहर जाने को कहा, तो उन्होंने बहस शुरू कर दी। इसके बाद गोयल ने कथित तौर पर अपने पद का दुरुपयोग करते हुए क्लब की बिजली कटवा दी।

मंगलवार सुबह शैली खन्ना ने इस घटना की शिकायत ऊर्जा मंत्री अनिल विज को दी। विज ने तुरंत जांच के बाद हरीश गोयल को निलंबित करने के निर्देश जारी किए। विज ने कहा कि इस तरह की लापरवाही और पद का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ये भी देखे: अनिल विज ने 15 दिन से खराब ट्रांसफॉर्मर को नहीं बदलने पर जेई को किया सस्पेंड

You may also like