Himachal Heavy Rain: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पिछले 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। भूस्खलन और बाढ़ ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। कीरतपुर-मनाली फोरलेन (NH-3) का पंडोह-टकोली खंड तीन जगहों पर भूस्खलन के कारण पूरी तरह बंद हो गया है। मलबा और पत्थर गिरने का सिलसिला जारी है, जिससे यातायात ठप है।
हिमाचल में लारजी पावर हाउस के पास पंडोह-टकोली खंड के 840 मीटर लंबे एलिवेटेड ब्रिज को भी नुकसान पहुंचा है। एक भारी चट्टान के गिरने से ब्रिज का डेक स्लैब करीब 15 सेंटीमीटर नदी की ओर खिसक गया, जिससे संरचना अस्थिर हो गई है। मरम्मत का काम बारिश थमने के बाद ही शुरू हो सकेगा।
लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, जिले में 261 सड़कें बंद हैं, जिनमें धर्मपुर मंडल में 60, सरकाघाट में 36, थलौट में 34, करसोग और सराज में 32-32 सड़कें शामिल हैं। सुंदरनगर, गोहर, मंडी द्वितीय, जोगेंद्रनगर, पद्धर और नेरचौक मंडलों में भी कई मार्ग अवरुद्ध हैं। बिजली आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिले में 1,708 ट्रांसफार्मर ठप हैं, जिनमें गोहर में 604, करसोग में 365, मंडी में 355, धर्मपुर में 304, सरकाघाट में 42, जोगेंद्रनगर में 14 और सुंदरनगर में 24 ट्रांसफार्मर शामिल हैं।
ये भी देखे: Shimla Landslide: शिमला नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड, वाहनों का लंबा जाम