चंडीगढ़, 27 जून 2025: पंजाब के कैबिनेट मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां के निर्देश पर, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा गुणवत्ता नियंत्रण अभियान के लक्ष्यों को पूरा करने में विफल रहने वाले सात मुख्य कृषि अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया हैं। जानकारी के लिए आपको बतादें की यह बड़ी कार्रवाई कृषि मंत्री द्वारा सुधार सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्ता नियंत्रण अभियान में पीछे रहने वाले जिलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आदेश देने के एक दिन बाद की गई।
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रशासनिक सचिव डॉ. बसंत गर्ग ने फतेहगढ़ साहिब, तरनतारन, संगरूर,कपूरथला, बरनाला, लुधियाना और होशियारपुर जिलों के मुख्य जिला कृषि अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इन अधिकारियों को सात दिन के अंदर जवाब देने का निर्देश दिया गया है। पंजाब सरकार की कर्तव्य में लापरवाही के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए, स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।
स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि कृषि विभाग ने राज्य के किसानों को शोषण से बचाने के लिए कृषि से संबंधित वस्तुओं की नियमित निगरानी और जाँच सुनिश्चित करने के लिए पाँच फ्लाइंग स्क्वाड टीमों का गठन किया है। साथ ही उन्होंने किसानों से बीज, खाद और कीटनाशकों की खरीद पर पक्का बिल लेने की भी अपील की।
इसके अलावा उन्होंने यह भी सलाह दी कि यदि कोई डीलर बिल देने से मना करता है या घटिया कृषि-संबंधित वस्तुओं की आपूर्ति करता है, तो किसानों को तुरंत अपने जिले के कृषि कार्यालयों में इसकी रिपोर्ट दर्ज करनी चाहिए, ताकि उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़े: Punjab News: दर्दनाक हादसा ! गौशाला की छत गिरने से 35 गायों की मौत