जालंधर, 21 जून 2025: जालंधर के बस्ती दानिशमंदा इलाके में ब्राइटवे स्पोर्ट्स फैक्टरी में आज सुबह भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। यह फैक्टरी एक भाजपा नेता के दफ्तर के पास स्थित है। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचित किया। इसके बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, आग पर काबू पाने के लिए 50 दमकल गाड़ियों को लगाना पड़ा। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल विभाग के एक कर्मचारी ने बताया कि सुबह 6:45 बजे उन्हें आग की सूचना मिली थी। आग इतनी भयंकर थी कि बड़े-बड़े टैंकरों की मदद लेनी पड़ी। इस हादसे में ब्राइटवे स्पोर्ट्स फैक्टरी का काफी सामान जलकर खाक हो गया, जिससे भारी नुकसान हुआ है।
राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है और इसकी जांच की जा रही है।
ये भी देखे: बटाला के एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, बाजार में मची अफरा-तफरी