WTC फाइनल में हार के बाद WI के खिलाफ पहले टेस्ट मैच से बाहर हुए स्मिथ और लाबुशेन

by Manu
स्मिथ लाबुशेन

WI vs AUS Test Squad: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम 2025-27 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के नए चक्र की शुरुआत वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज से करेगी। इस सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही अपने स्क्वाड की घोषणा कर दी थी।  लेकिन अब पहले टेस्ट से पहले बड़ा बदलाव हुआ है। टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन को खराब फॉर्म के कारण पहले टेस्ट से बाहर कर दिया गया है, जबकि स्टीव स्मिथ चोट की वजह से पहला टेस्ट नहीं खेल पाएंगे। चीफ सिलेक्टर जॉर्ज बेली ने सैम कॉनस्टास और जोश इंग्लिस को उनकी जगह टीम में शामिल करने की पुष्टि की है।

मार्नस लाबुशेन खराब फॉर्म की वजह से बाहर

जॉर्ज बेली ने क्रिकइन्फो को बताया, “मार्नस लाबुशेन अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर टीम के लिए अहम खिलाड़ी हो सकते हैं, लेकिन उनका हालिया प्रदर्शन उस स्तर का नहीं रहा, जिसके लिए वे जाने जाते हैं। हम उनके साथ उनके खेल में सुधार के लिए काम करना जारी रखेंगे। उनकी क्षमता पर हमें भरोसा है और उम्मीद है कि वे इसे सकारात्मक तरीके से लेंगे।

स्टीव स्मिथ को WTC फाइनल के दौरान लगी थी चोट

स्टीव स्मिथ को डब्ल्यूटीसी फाइनल में तेम्बा बावुमा का कैच पकड़ते समय दाहिने हाथ की छोटी उंगली में चोट लगी थी। इसके बाद वे मैदान से बाहर चले गए थे। बेली ने बताया कि स्मिथ को अभी और आराम की जरूरत है और उनकी स्थिति का आकलन एक हफ्ते बाद किया जाएगा। उनकी जगह जोश इंग्लिस को स्क्वाड में शामिल किया गया है, जिन्होंने इस साल श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट डेब्यू में शतक जड़ा था।

वेस्टइंडीज के खिलाफ यह सीरीज 25 जून से शुरू होगी। पहला टेस्ट 25-30 जून तक बारबाडोस में खेला जाएगा।

वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वाड

पैट कमिंस (कप्तान), सीन एबॉट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, उस्मान ख्वाजा, सैम कॉनस्टास, मैथ्यू कुहनेमन, नाथन ल्योन, मिशेल स्टार्क, ब्यू वेबस्टर। मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ पहले टेस्ट से बाहर।

ये भी देखे: WTC Final Winners List: दक्षिण अफ्रीका बना WTC का नया बादशाह, देखें WTC विजेताओं की लिस्ट

You may also like