नई दिल्ली, 20 जून 2025: गुरुवार को ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर दिल्ली सचिवालय पहुंचे और वहां मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मुलाकात की। टोनी ब्लेयर जो टोनी ब्लेयर इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल चेंज के संस्थापक हैं उन्होंने दिल्ली के विकास में अपने संगठन के योगदान की बात कही। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उन्हें दिल्ली में चल रहे बदलावों, डिजिटल प्रशासन, पर्यावरण सुधार और शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ‘विकसित दिल्ली’ के सपने को साकार करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और शहरी ढांचे को आधुनिक और जन-केंद्रित बनाने पर काम कर रही है। इस दौरान शासन में सुधार, तकनीक के इस्तेमाल और नागरिक कल्याण के लिए साझा प्रयासों पर भी चर्चा हुई। टोनी ब्लेयर ने दिल्ली में हो रहे इन बदलावों की तारीफ की और डिजिटल प्रशासन, स्कूल शिक्षा में सुधार और पर्यावरण से जुड़े कार्यों में योगदान देने की इच्छा जताई।
ये भी देखे: दिल्ली में योग दिवस पर कई कार्यक्रमों का ऐलान, सीएम रेखा गुप्ता यमुना तट पर करेंगी योग