नई दिल्ली, 18 जून 2025: हर साल 21 जून को पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है, जिसका मकसद लोगों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक फायदों के बारे में जागरूक करना है। इस बार दिल्ली सरकार भी इस खास दिन को बड़े उत्साह के साथ मनाने की तैयारी में जुटी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने योग दिवस के लिए कई बड़े सरकारी आयोजनों की घोषणा की है।
रेखा गुप्ता यमुना नदी के किनारे योग करेंगी
खास बात यह है कि 21 जून को सीएम रेखा गुप्ता खुद यमुना नदी के किनारे योग करेंगी। इसके अलावा, दिल्ली में कई जगहों पर योग से जुड़े बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, सीएम ने अपने बयान में योग के साथ-साथ दिल्ली की बरसाती समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “बारिश के दौरान भारी मात्रा में पानी आता है, और ड्रेनेज सिस्टम इसे तुरंत नहीं संभाल पाता। पानी का आना स्वाभाविक है, लेकिन अगर वह एक घंटे में निकल जाता है, तो कोई दिक्कत नहीं। अगर पानी ज्यादा देर रुकता है, तो इसका मतलब है कि कहीं न कहीं नाला ब्लॉक है या कोई और समस्या है। कल जहां-जहां जलभराव की शिकायतें आईं, हमने उनका संज्ञान लिया है और उसे ठीक करने की दिशा में काम कर रहे हैं।”
योग दिवस 2025 का थीम
इस साल 2025 के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम है ‘Yoga for One Earth, One Health’ यानी ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग’। यह थीम योग के जरिए न सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, बल्कि वैश्विक स्वास्थ्य, पर्यावरणीय संतुलन और सतत विकास को बढ़ावा देने पर जोर देती है। यह थीम बताती है कि योग न केवल हमारे शरीर और मन को स्वस्थ रखता है, बल्कि पर्यावरण के साथ हमारे रिश्ते को भी मजबूत करता है।
ये भी देखे: हरियाणा आयुष विभाग का ऐलान, योग दिवस राज्यव्यापी स्वास्थ्य आंदोलन के रूप में मनाया