मोहाली, 17 जून 2025: एसएएस नगर (मोहाली) पुलिस ने SSP हरमनदीप सिंह हंस (IPS) के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने 21 वर्षीय यादविंदर सिंह को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई SP (जांच) सौरव जिंदल, SP (संचालन) तलविंदर सिंह और DSP (जांच) जतिंदर सिंह चौहान की देखरेख में CIA इंचार्ज इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह की टीम ने की।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने यादविंदर सिंह, जो अमृतसर के मजीठा रोड का निवासी और CGC कॉलेज, झंजेड़ी में लॉ का छात्र है, को जीरकपुर के होटल क्राउन के कमरा नंबर 302 से गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक .32 बोर की अवैध पिस्तौल और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
मोहाली पुलिस ने जीरकपुर थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत 14 जून 2025 को मुकदमा नंबर 291 दर्ज किया। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की गई है ताकि हथियार के स्रोत और उसके मकसद का पता लगाया जा सके।
SSP हंस ने बताया कि यह अभियान अपराध और अवैध हथियारों पर लगाम कसने के लिए शुरू किया गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ये भी देखे: मोहाली पुलिस ने 2 नशा तस्करों को किया गिरफ्तार, 14 kg अफीम जब्त