चंडीगढ़, 17 जून 2025: अमृतसर की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर दीपिका लूथरा ने निहंग अमृतपाल सिंह मेहरो और उसके साथियों की धमकियों के डर से अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स बंद कर दिए हैं और अब कोई वीडियो अपलोड नहीं कर रही हैं। दीपिका को अमृतपाल और प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल की ओर से लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
दीपिका लूथरा के घर के बाहर पुलिसकर्मी तैनात
इस मामले में अमृतसर की साइबर सेल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पटियाला के रमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अमृतपाल सिंह मेहरो और उसके दो साथियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। दीपिका की सुरक्षा के लिए उनके घर के बाहर चार सशस्त्र पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
यह मामला तब और गंभीर हो गया, जब अमृतपाल सिंह मेहरो ने लुधियाना की इंफ्लुएंसर कंचन तिवारी उर्फ कमल कौर भाभी की बठिंडा में हत्या की जिम्मेदारी ली थी। इस हत्याकांड में बठिंडा पुलिस ने मेहरो के दो साथियों, जसप्रीत सिंह और निमरतजीत सिंह को गिरफ्तार किया है, लेकिन मेहरो अभी फरार है।
दीपिका पहले ही मांग चुकी है माफी
दीपिका ने बताया कि मार्च 2025 में अमृतपाल ने उनसे माफी मंगवाई थी और उनके कुछ वीडियो डिलीट करवाए थे, जिन्हें वह “अश्लील” मानता था। इसके बावजूद, उसने हाल ही में फिर से धमकी दी कि “अगला नंबर तेरा है” और कहा कि “पार्किंग सिर्फ बठिंडा में नहीं, हर शहर में है, और जरूरी नहीं कि लाश मिले।”
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा कि मेहरो की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। दीपिका ने प्रशासन से अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
ये भी देखे: कमल कौर भाभी की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाले व्यक्ति ने अब दीपिका लूथरा को दी धमकी