Jharkhand: बाइक की बैटरी से चार्ज कर रहा था फोन, हुआ ब्लास्ट, युवक झुलसा

by Manu
फोन ब्लास्ट

रांची, 31 मई 2025: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के कंसलापोस गांव में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई। एक युवक बाइक की बैटरी से अपना मोबाइल फोन चार्ज कर रहा था, तभी उसमें ब्लास्ट हो गया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की पहचान 19 वर्षीय रवि मुंडा के रूप में हुई है।

घटना के दौरान रवि अपने घर के बाहर बाइक की बैटरी से फोन चार्ज कर रहा था, जब अचानक तेज बारिश के साथ बिजली गिरी। वज्रपात के कारण फोन की बैटरी में ब्लास्ट हुआ, जिससे रवि का एक हाथ और अंगुलियां बुरी तरह झुलस गईं, और चेहरा भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे जगन्नाथपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चाईबासा के सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, रवि के दाहिने हाथ और चेहरे पर गहरे जख्म हैं, और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मौसम विभाग के स्थानीय अधिकारियों ने लोगों को बारिश और वज्रपात के दौरान मोबाइल फोन चार्ज करने से बचने की सलाह दी है।

यह घटना उस समय हुई, जब पश्चिम सिंहभूम सहित झारखंड के कई इलाकों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी था। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि बाइक की बैटरी से फोन चार्ज करने जैसे कार्य वज्रपात के दौरान खतरनाक हो सकते हैं, क्योंकि धातु और बिजली के उपकरण बिजली को आकर्षित करते हैं।

ये भी देखे: झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन पहुंचे उत्तराखंड, पत्नी संग केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन किए

You may also like